छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड स्थित बनगांव में आयोजित आंचलिक करम पूजा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. उन्होंने करम राजा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं.
महोत्सव में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे उरांव समाज के 6 हजार से अधिक लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर और ढोल-नगाड़ों की थाप पर सामूहिक नृत्य किया. मुख्यमंत्री भी नर्तक दलों के साथ मांदर की थाप पर थिरकते नजर आए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि करम परब जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है. उनके अनुसार यह पर्व सामाजिक एकता, भाईचारे और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है. उन्होंने नई पीढ़ी से आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी भाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाजों से जुड़े रहने की अपील की.
साय ने उरांव समाज के ऐतिहासिक शौर्य का उल्लेख करते हुए रोहतासगढ़ की वीरांगनाओं और जनी शिकार परंपरा को समाज की गौरवशाली पहचान बताया.
विकास कार्यों की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की. अखाड़ा निर्माण और सीसी रोड के लिए 20 लाख रुपये देने की बात कही गई. इसके अलावा सहसपुर में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की गई.
कार्यक्रम में बताया गया कि महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त के तहत 67.40 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 632.63 करोड़ रुपये अंतरित किए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन करीब 1,600 पक्के मकान बन रहे हैं और किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदा जा रहा है.
उन्होंने जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होने, खेल प्रतिभाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी विकसित किए जाने तथा कुनकुरी के हर्राडांड़ में 400 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी.
