छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों को लेकर कथित आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52) के रूप में हुई है. वह बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ बताया गया है. मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के अनुसार, चराईडांड़ निवासी और विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह (54) ने 17 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 15 अक्टूबर को ‘हेमंत बेदी’ नाम के फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट देखी थी. आरोप है कि पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों के बारे में विवादित टिप्पणियां की गई थीं. शिकायत में कहा गया कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति बनी.
शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देने उसके गांव पहुंची. पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पोस्ट करने की बात स्वीकार की. पोस्ट के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है. 17 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया. मामले की आगे जांच जारी है.
पुलिस कार्रवाई एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, एएसपी राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और कुनकुरी एसडीओपी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण में हुई. एसएसपी ने कहा कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री के मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
