जशपुरनगर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से एक दिन पहले मंडी प्रबंधकों ने धान उठाव में देरी के प्रावधान का विरोध किया है. प्रबंधकों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे धान खरीदी प्रक्रिया से अलग रह सकते हैं.
प्रदेश सरकार की नई धान खरीदी नीति में 15 नवंबर से 15 जनवरी तक धान उठाव के लिए डीईओ जारी नहीं करने का प्रावधान बताया गया है. मंडी प्रबंधकों का कहना है कि इससे खरीदा गया धान लंबे समय तक मंडियों में जमा रहेगा. उनके अनुसार, इस स्थिति में भंडारण, सुरक्षा और खुले में रखे धान को मौसम से बचाने की चुनौती बढ़ेगी.
गम्हरिया मंडी के प्रबंधक राजेश साहू ने बताया कि खरीदी के समय धान में नमी करीब 17 प्रतिशत रहती है. खुले में धान रखे रहने पर धूप और गर्मी के कारण नमी कम हो सकती है, जिससे सुखत की समस्या बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि शून्य सुखत की नीति के कारण मंडी प्रबंधन को आर्थिक नुकसान और कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
कुरोग मंडी के प्रबंधक जगदीश यादव के मुताबिक, 15 जनवरी तक जिले में अधिकांश धान खरीदी हो जाती है. ऐसे में उठाव में देरी से मंडियों में बड़ी मात्रा में धान जमा रहेगा. बारिश की स्थिति में खुले में रखे धान की सुरक्षा करना भी मुश्किल होगा.
जामझोर मंडी के प्रबंधक राजकुमार बंजारा ने बताया कि छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने दो प्रतिशत सुखत और नियम के अनुसार समितियों को मिलने वाली सुविधाएं देने की मांग की है. इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है.
जशपुर के डीएमओ शंभूनाथ गुप्ता ने कहा कि ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से सरकार को भेजा जाएगा. उन्होंने बताया कि मंडी प्रबंधकों के काम नहीं करने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी.
