छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 62 वर्षीय आरोपी विनोद एक्का उर्फ जशपुरिया उर्फ छोटा दादू को 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. अपर सत्र न्यायाधीश जनार्दन खरे की अदालत ने 24 सितंबर 2026 को फैसला सुनाया.
मामला कांसाबेल थाना क्षेत्र का है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त की शाम बच्ची गांव के एक घर में टीवी देखते हुए खाना खा रही थी. आरोप है कि आरोपी उसे अपने घर ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. बच्ची के देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे. इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उसे आरोपी के घर से बाहर निकाला.
10 अगस्त को बच्ची की मां ने उससे घटना के बारे में पूछा. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. बच्ची के पिता की शिकायत पर 13 अगस्त को कांसाबेल थाने में अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था.
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और मेडिकल जांच कराई गई. पुलिस ने 2 सितंबर को BNS की धारा 96, 65(2), 127(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत चार्जशीट दाखिल की. अदालत में पीड़िता समेत 13 गवाहों के बयान दर्ज हुए और दस्तावेजी साक्ष्य पेश किए गए.
अदालत ने BNS की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20-20 साल के सश्रम कारावास के साथ 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया. BNS की धारा 127(2) में एक साल की सजा और एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया. सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी. जुर्माना नहीं भरने पर अतिरिक्त कारावास का प्रावधान है.
