जशपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पुलिस ने शनिवार को एकता दौड़ आयोजित की. दौड़ का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश देना था. इसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया.

कलेक्टर रोहित व्यास ने रणजीता स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया. कार्यक्रम का नेतृत्व एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया. दौड़ रणजीता स्टेडियम से शुरू होकर महाराजा चौक होते हुए रक्षित केंद्र, जशपुर के परेड ग्राउंड पहुंची, जहां इसका समापन हुआ.

इसमें जिला पुलिस बल और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा नव संकल्प और क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए. प्रतिभागियों ने एकजुटता के साथ देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया.

एसएसपी ने नागरिकों से एकता बनाए रखने की अपील की

कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा. उनके योगदान और राष्ट्रसेवा को सम्मान देने के लिए 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है.

एसएसपी ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है. उन्होंने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सम्मान, विश्वास और सहयोग के साथ रहने की अपील की.

समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने प्रतिभागियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन अनुशासन, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं. कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे.