जशपुर जिले के पत्थलगांव में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 8,190 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश और एक पीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल जब्त किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर की रात टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पत्थलगांव-जशपुर रोड किनारे विश्वकर्मा बॉडी गैरेज के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की.

पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा, उनकी पहचान गुरुदेव विश्वकर्मा (26), वशिष्ठ कुमार विश्वकर्मा (36), सुनेश कुमार भुइंया (19), सीताराम विश्वकर्मा (42), राहुल कुमार (25), राजू शर्मा (45) और वीर कौशिक (34) के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, गुरुदेव विश्वकर्मा, वशिष्ठ कुमार विश्वकर्मा और सुनेश कुमार भुइंया मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल पत्थलगांव में रह रहे थे. सीताराम विश्वकर्मा, राहुल कुमार और राजू शर्मा पत्थलगांव के निवासी बताए गए हैं, जबकि वीर कौशिक पालीडीह का रहने वाला है.

सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.