जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने एक पिकअप से चार गौवंशों को मुक्त कराने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गौ तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत की गई. मामले में झारखंड निवासी 24 वर्षीय नजरुल अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
पुलिस के मुताबिक, 11 और 12 अक्टूबर की दरमियानी रात लोदाम थाना की टीम गश्त पर थी. 12 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे सूचना मिली कि एक पिकअप में गौवंशों को जशपुर से झारखंड ले जाया जा रहा है. इसके बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और नेशनल हाईवे पर पतराटोली के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की.
करीब 4 बजे जशपुर की ओर से आती पिकअप को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. पुलिस का कहना है कि चालक वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने लगा. पीछा करने के दौरान भलमंडा के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और पिकअप हाईवे पर पलट गई. पुलिस ने मौके पर चालक को हिरासत में लिया.
पिकअप की तलाशी में चार गौवंश मिलने की बात सामने आई. पुलिस ने उन्हें वाहन से बाहर निकलवाकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया. आरोपी की पहचान ग्राम पनसो, कोटमा, जिला गुमला, झारखंड निवासी नजरुल अंसारी के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, वह पशुओं के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
लोदाम थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है. पिकअप क्रमांक JH-13F-1745 जब्त की गई है.
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार, जिले में पशु तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
