जशपुरनगर के रक्षित केंद्र में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में देश और समाज की सुरक्षा के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई. पुलिस टुकड़ी ने सलामी देकर जवानों के साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया.
परेड में प्रशिक्षु सूबेदार रविशंकर साहू ने मुख्य कमांडर की जिम्मेदारी संभाली. एक प्लाटून का नेतृत्व छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पीसी दीपक यादव और दूसरे प्लाटून का नेतृत्व पीएसआई संदीप चौरसिया ने किया. कार्यक्रम के दौरान 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े गए.
शहीद स्मारक पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और शहीद परिवारों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम में जशपुर जिले के 56 शहीद परिवारों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया. कलेक्टर रोहित व्यास और डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह समेत अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना.
अधिकारियों ने सुनीं परिवारों की समस्याएं
मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने शहीद परिवारों की पारिवारिक, व्यक्तिगत और आर्थिक समस्याओं की जानकारी ली. परिवारों से कहा गया कि वे अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के सामने रखें, ताकि उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें. पुलिस विभाग ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन में शहीद परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई. इसके बाद सभी परिजनों को सम्मानपूर्वक उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया.
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस शहीद परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है. यह दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है. इस दिन देश की आंतरिक सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद किया जाता है.
