जशपुर में 19 वर्षीय युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो कथित तौर पर वायरल करने तथा उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा (24) के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक, युवती ने 21 जनवरी 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2024 में 4Fun ऐप के जरिए उसकी आरोपी से पहचान हुई थी. इसके बाद दोनों व्हाट्सऐप पर बातचीत करने लगे. आरोप है कि आरोपी ने वीडियो कॉल के दौरान दबाव बनाकर युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल किए और कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी कर ली.

पुलिस का कहना है कि बाद में आरोपी ने निजी और अश्लील सामग्री एक व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा कर दी. युवती ने जब उससे बातचीत बंद की, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे और उसके परिवार को धमकाया.

उत्तर प्रदेश के बाद दिल्ली में मिली लोकेशन

शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 और 351 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 और 67(ए) के तहत जांच शुरू की. आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित गांव में तलाश की गई, लेकिन वह वहां नहीं मिला. इसके बाद मुखबिरों और तकनीकी टीम की मदद से उसकी लोकेशन दिल्ली में मिली.

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली की विशेष टीम दिल्ली भेजी गई. पुलिस आरोपी को जशपुर लेकर आई और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं. गवाहों की मौजूदगी में मोबाइल के व्हाट्सऐप और गैलरी की जांच कर पंचनामा बनाया गया तथा जरूरी स्क्रीनशॉट सुरक्षित किए गए. एसएसपी ने कहा कि निजी तस्वीरों या वीडियो का गलत इस्तेमाल, उन्हें वायरल करना, ब्लैकमेल करना या धमकी देना गंभीर अपराध है. उन्होंने ऐसी घटनाओं में डरने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की.