छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर डिलिस्टिंग का मुद्दा फिर चर्चा में आया. पूर्व गृह मंत्री और वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा ने कहा कि मतांतरण से जनजातीय समाज की मूल पहचान, संस्कृति और परंपराओं को बचाने के लिए डिलिस्टिंग जरूरी है.
जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में सवालों के जवाब देते हुए पैंकरा ने कहा कि जनजातीय समाज को सुरक्षित रखने के लिए लंबे समय से डिलिस्टिंग की मांग की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इसका रास्ता साफ होगा. पैंकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे बड़े फैसले किए हैं, उसी तरह डिलिस्टिंग भी होकर रहेगी.
उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक के लिए संसद में पूर्ण बहुमत जरूरी है और सरकार बहुमत के करीब पहुंच रही है.
जनजातीय नायकों और योजनाओं का उल्लेख
पैंकरा ने भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ के संदेश का उल्लेख किया. उन्होंने तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, फूलो-झानो, वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती और गोविंद गुरु सहित कई जनजातीय नायकों को याद किया.
उन्होंने बताया कि उनके अनुसार जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है. पैंकरा ने पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, वन धन विकास केंद्र और वन अधिकार पट्टों का भी उल्लेख किया.
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, ग्राम सभाओं के सशक्तीकरण और जनजातीय भाषाओं-संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया जा रहा है.
