छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 52 वर्षीय नईहरसाय, उनकी 48 वर्षीय पत्नी शांति बाई और 16 वर्षीय बेटे बिरहसनन शामिल हैं. तीनों कोटवार गांव के निवासी बताए गए हैं.

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार देर रात बगीचा थाना क्षेत्र में मैनी चौक के पास हुआ. परिवार के तीनों सदस्य बाइक से सरडीह से अपने गांव सामरबार लौट रहे थे. इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है.

पुलिस के प्रारंभिक आकलन में मामला अज्ञात वाहन की टक्कर का बताया जा रहा है. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन तथा उसके चालक की तलाश की जा रही है.