जशपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि कम करने के लिए IIT चेन्नई के विशेषज्ञ प्रशासन के साथ काम करेंगे. जिले को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के डेटा ड्रिवन हाइपर लोकल इंटरवेंशन (DDHI) कार्यक्रम में शामिल किया गया है. इस पहल का लक्ष्य सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करना है.
कार्यक्रम के तहत दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट, खतरनाक मोड़ों और सड़कों की तकनीकी खामियों की पहचान की जाएगी. इसके बाद स्थानीय स्तर पर जरूरी सुधार किए जाएंगे. इस काम में पुलिस, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सड़क निर्माण एजेंसियों के बीच समन्वय बनाया जाएगा. हादसे के बाद घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था का भी आकलन किया जाएगा.
IIT चेन्नई की टीम सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में भी तकनीकी सहयोग देगी. अधिकारियों के अनुसार, विशेषज्ञ वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों से जुड़े सुझाव देंगे. जशपुर के अलावा रायपुर, रायगढ़, सूरजपुर, बालोद, बलौदाबाजार, सरगुजा, महासमुंद और जांजगीर भी इस कार्यक्रम में शामिल छत्तीसगढ़ के जिले हैं.
हादसों के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
पुलिस विभाग के अनुसार, वर्ष 2024 से सितंबर 2026 तक 33 महीनों में जशपुर में 1,067 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं और 755 लोगों की मौत हुई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों के प्रमुख कारण हैं. अधिकारियों का अनुमान है कि करीब 80 प्रतिशत दुर्घटनाएं इन वजहों से होती हैं. युवाओं में स्टंटबाजी की प्रवृत्ति को भी चिंता का कारण बताया गया है.
संजया ऐप से होगी ब्लैक स्पॉट की पहचान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार के अनुसार, IIT चेन्नई की ओर से विकसित संजया ऐप की मदद से ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएंगे. इन आंकड़ों के आधार पर दुर्घटना संभावित स्थानों में सुधार की रणनीति तैयार होगी. जिले में चल रहे ‘नो हेलमेट, नो ट्रैवलिंग’ अभियान के तहत बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं. ग्राम सभाओं के माध्यम से हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल का पालन कराने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए गए हैं.
