जशपुर में हुई इंटर स्टेट बॉर्डर मीटिंग में छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड की पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ समन्वित कार्रवाई की योजना बनाई. बैठक में लंबे समय से तस्करी में संलिप्त आरोपियों का फोटो सहित डेटाबेस तैयार करने पर सहमति बनी. इसमें आरोपियों की तस्वीर और अन्य जरूरी विवरण दर्ज किए जाएंगे.

यह जानकारी तीनों राज्यों के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ साझा की जाएगी, ताकि संदिग्ध तस्करों की पहचान तेजी से हो सके और जरूरत पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई की जा सके. बैठक में सीमावर्ती इलाकों में चेकपोस्ट की संख्या बढ़ाने और वाहनों की जांच व्यवस्था मजबूत करने पर भी चर्चा हुई.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजे की तस्करी का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से उठा. तस्करी से जुड़ी सूचनाएं तत्काल साझा करने की व्यवस्था बनाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि अपराध के बाद आरोपी दूसरे राज्यों में शरण ले सकते हैं, इसलिए सीमावर्ती जिलों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है.

धान के अवैध परिवहन पर भी चर्चा

बैठक में छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर शुरू होने वाली धान खरीदी के दौरान अवैध आवक रोकने पर भी विचार हुआ. अधिकारियों ने आशंका जताई कि ओडिशा और झारखंड से धान छत्तीसगढ़ लाने की कोशिश हो सकती है. इसे रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट और वाहन जांच को प्रभावी बनाने की योजना पर चर्चा हुई.

बैठक की अध्यक्षता डीआईजी एवं जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने की. कलेक्टर रोहित व्यास समेत तीनों राज्यों के पुलिस और राजस्व अधिकारी इसमें शामिल हुए. अधिकारियों ने मादक पदार्थों की तस्करी, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के लिए संयुक्त कार्रवाई पर सहमति जताई.