जशपुरनगर जिला मुख्यालय में छत्तीसगढ़ ड्राइवर एसोसिएशन के बैनर तले ट्रक ड्राइवरों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने ड्राइवर आयोग का गठन, चालकों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून और ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग सरकार के सामने रखी. इस दौरान ‘जय सारथी, जय भारती’ के नारे भी लगाए गए.

प्रदर्शन के दौरान नेशनल हाईवे-43 पर निजी वाहनों के आवागमन को छूट दी गई, जबकि ट्रक ड्राइवरों का आंदोलन जारी रहा. चालकों का कहना है कि सड़क परिवहन व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उनके हितों, अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है.

ड्राइवर आयोग बनाने की मांग

छत्तीसगढ़ ड्राइवर एसोसिएशन के जिला महामंत्री दलवीर दास महंत ने कहा कि ड्राइवर दिन-रात सड़कों पर रहकर परिवहन व्यवस्था को संचालित करते हैं. उनके मुताबिक, चालकों की समस्याओं के समाधान, अधिकारों की सुरक्षा और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए अलग ड्राइवर आयोग जरूरी है. उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की.

एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी समीर चौहान ने कहा कि सड़क हादसों और ड्यूटी के दौरान चालकों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. इसलिए उनके लिए विशेष सुरक्षा कानून लागू किया जाना चाहिए. उन्होंने ड्राइवरों और उनके परिवारों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा तथा जरूरी सुविधाओं के लिए वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग भी दोहराई.

लोदाम और लावाकेरा में भी आंदोलन

जशपुर जिले के झारखंड और ओडिशा सीमा से लगे लोदाम और लावाकेरा क्षेत्रों में भी ड्राइवरों के प्रदर्शन की जानकारी है. एसोसिएशन ने कहा है कि यदि सरकार ने तीनों मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है.