छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं. पहला हादसा बगीचा थाना क्षेत्र के मैनी मोड़ पर और दूसरा पत्थलगांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर कछार के पास हुआ. दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है.
मैनी मोड़ पर परिवार के तीन लोगों की मौत
बगीचा थाना क्षेत्र के सामरबार गांव निवासी नईहर साय (45), उनकी पत्नी शांति (40) और करीब 16-17 वर्षीय बेटे ब्रिशनंद की हाईवा की टक्कर से मौत हो गई. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तीनों बाइक से अंबिकापुर की ओर से मैनी जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा-टेलर ने बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक ब्रिशनंद चला रहा था. पुलिस के अनुसार, बाइक पर नंबर दर्ज नहीं था. हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस वाहन और चालक की तलाश कर रही है. शवों को बगीचा अस्पताल पहुंचाया गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद सड़क पर यातायात बहाल कराया गया.
कछार में दो बाइकों की भिड़ंत
पत्थलगांव थाना क्षेत्र में कृष्णा राइस मिल के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई. इस हादसे में काडरों गांव निवासी 18 वर्षीय शिवनंदन नाग की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, शिवनंदन पल्सर बाइक से लुड़ेग की ओर जा रहा था. कछार के पास उसकी बाइक सामने से आ रही प्लेटिना से टकरा गई.
स्थानीय लोगों ने घायलों को 108 एंबुलेंस और 112 की मदद से पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने शिवनंदन को मृत घोषित कर दिया. अन्य घायलों का इलाज जारी है. पुलिस ने शव को मर्च्युरी में रखवाकर हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी की जांच शुरू कर दी है.
