जशपुरनगर में सिटी कोतवाली पुलिस ने घोलेंग के पास जांच के दौरान धान से लदे दो ट्रकों को पकड़ा. दोनों वाहनों से कुल 400 बोरी धान बरामद हुआ, जिसका वजन करीब 160 क्विंटल और अनुमानित कीमत 3 लाख 79 हजार 200 रुपए बताई गई है. परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया.

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई 29 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की गई. जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG-14-MW-3959 और CG-14-MW-6091 को रोका गया था. पूछताछ में बताया गया कि धान झारखंड के गुमला से लोड कर छत्तीसगढ़ के बतौली ले जाया जा रहा था.

समर्थन मूल्य खरीदी से पहले निगरानी

धान कटाई के मौसम और छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर खरीदी की तैयारियों के बीच दूसरे राज्यों से धान लाकर स्थानीय मंडियों में खपाने की आशंका जताई जा रही है. इसी वजह से सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की जांच के निर्देश दिए गए हैं. जशपुर पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने थाना और चौकी प्रभारियों को दूसरे राज्यों से होने वाले धान के संदिग्ध परिवहन पर नजर रखने को कहा है.

चार लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश के आरोप में ट्रक चालकों और मालिकों सहित चार लोगों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. कृष्णा साहू, संजय कुजूर, अभिमन्यु सिंह और सुमित सिंह को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है.

पुलिस ने कहा है कि धान खरीदी सीजन के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच जारी रहेगी और अवैध परिवहन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.