झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार को ट्रक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि कार में सवार नौ महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया.
हादसा हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के पास हुआ. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, परिवार 13 अक्टूबर की सुबह राजनांदगांव से कार से जमशेदपुर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से कार की टक्कर हो गई. बताया गया है कि ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था. टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
मृतकों की पहचान अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) के रूप में हुई है. हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने ट्रक और कार जब्त की
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर हाटगम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की. घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है. हादसे में शामिल ट्रक और कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
