दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल स्थित झारसुगुड़ा यात्री यार्ड में पुनर्विकास और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते छत्तीसगढ़ से बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी. परिचालन में यह बदलाव नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर के मध्य तक अलग-अलग तारीखों पर लागू रहेगा.
13288 आरा-दुर्ग एक्सप्रेस 28 नवंबर तथा 4 से 15 दिसंबर तक दुर्ग नहीं आएगी और राउरकेला तक ही चलेगी. वापसी में 13287 दुर्ग-आरा एक्सप्रेस 29 नवंबर तथा 5 से 16 दिसंबर तक दुर्ग के बजाय राउरकेला से रवाना होगी. इन तारीखों में दुर्ग और राउरकेला के बीच इस ट्रेन की सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी.
22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 11 दिसंबर को और 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 12 दिसंबर को अपने प्रारंभिक स्टेशन से रद्द रहेगी.
इसके अलावा 17007 चार्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस 28 नवंबर, 5, 8 और 12 दिसंबर को, जबकि 17008 दरभंगा-चार्लापल्ली एक्सप्रेस 1, 8, 11 और 15 दिसंबर को रद्द रहेगी. 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 10 दिसंबर और 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 13 दिसंबर को नहीं चलेगी.
12376 जसीडीह-तांबरम एक्सप्रेस 2 दिसंबर तथा 12375 तांबरम-जसीडीह एक्सप्रेस 28 नवंबर और 5 दिसंबर को रद्द रहेगी. 17433 तिरुपति-रक्सौल 7 और 14 दिसंबर, 17434 रक्सौल-तिरुपति 10 और 17 दिसंबर, 17321 वास्को द गामा-जसीडीह 11 दिसंबर और 17322 जसीडीह-वास्को द गामा 14 दिसंबर को निरस्त रहेगी.
15028 गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस 30 नवंबर, 6 दिसंबर और 8 से 15 दिसंबर तक हटिया में समाप्त होगी. वापसी में 15027 संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस 1, 7 और 9 से 16 दिसंबर तक संबलपुर के बजाय हटिया से चलेगी. यात्रियों को रवाना होने से पहले NTES या 139 पर ट्रेन की ताजा स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.
