बिलासपुर. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में अधोसंरचना विकास और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनें प्रभावित रहेंगी. रेलवे के अनुसार, यह कार्य 27 नवंबर से 17 दिसंबर 2026 तक अलग-अलग चरणों और निर्धारित तिथियों में किया जाएगा.

इस अवधि में कुछ ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रद्द रहेंगी. कुछ सेवाओं को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को उनके नियमित गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा.

योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर परिवर्तित मार्ग से चलेगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन ईब, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी, अंगुल और कटक होकर पुरी जाएगी.

आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित रहेगा और इसे कुछ तिथियों पर राउरकेला तक सीमित किया जाएगा. यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख और परिचालन स्थिति रेलवे की आधिकारिक सूचना, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम या हेल्पलाइन 139 से जांचने की सलाह दी गई है.