झीरम घाटी हमले की सुनवाई के दौरान दर्ज गवाहियों में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हमले से पहले और उसके दौरान की घटनाओं का विवरण सामने आया है. नंदकुमार पटेल के ड्राइवर दशाराम सिदार की गवाही में कहा गया है कि हमले से पहले कवासी लखमा के मोबाइल पर बार-बार फोन आए थे और उन्होंने गोंडी में बातचीत की थी.
दशाराम के मुताबिक, बातचीत के दौरान लखमा “10-15” कह रहे थे. नंदकुमार पटेल ने उनसे हिंदी में बात करने और “10-15” का अर्थ पूछा तो लखमा ने इसे “डीजल-डीजल” बताया. हालांकि, अदालत के आदेश में इस फोन बातचीत या गोंडी में हुई बातचीत को लखमा की साजिश में भूमिका साबित करने वाला कोई अलग निष्कर्ष नहीं बताया गया है. लखमा इस मामले में घायल गवाह के तौर पर पेश हुए थे.
लखमा के बयान में घटनाक्रम
लखमा की गवाही के अनुसार, 25 मई 2013 को सुकमा में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा की रैली दोपहर करीब 12 बजे से 2 बजे तक चली थी. रैली के बाद नेताओं को केशलूर की सभा में जाना था. खाना खाने के बाद काफिला करीब 3:25 बजे रवाना हुआ. झीरम घाटी के पास पहुंचने पर ऊपर की ओर से बम फटने की आवाज आई. काफिले के आगे फॉलोगार्ड वाहन और एक ट्रक फंसा था, जिससे वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे थे.
लखमा ने बताया कि गोली या विस्फोट के छर्रे से उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया और कांच का टुकड़ा उनके दाहिने कान में लगा. इसके बाद वह, नंदकुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश और ड्राइवर गाड़ी से उतरकर घाटी की ओर छिप गए. तभी नक्सलियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. लखमा के अनुसार, नक्सली गोंडी में पुलिस वालों से हथियार छोड़ने को कह रहे थे.
गवाही के मुताबिक, चारों को ऊपर ले जाने के बाद नक्सलियों ने उनके परिचय पूछे. कुछ देर बाद विनोद नाम का एक नक्सली वहां आया और भागने की कोशिश करने पर जान से मारने की धमकी दी. नंदकुमार पटेल के विनोद से सवाल करने के बाद उन्हें और दिनेश को रस्सी से बांध दिया गया. करीब एक घंटे तक गोलीबारी होती रही. बाद में लखमा और ड्राइवर को वहां से जाने के लिए कहा गया. दोनों सड़क पर पहुंचे और एक मोटरसाइकिल से दरभा थाने गए.
दशाराम की गवाही में यह भी कहा गया है कि नक्सलियों ने नंदकुमार पटेल, दिनेश पटेल और लखमा को सड़क किनारे बैठाकर घेर रखा था. लखमा और नक्सली विनोद के बीच गोंडी में बातचीत हुई. करीब एक घंटे बाद नंदकुमार और दिनेश के हाथ बांधकर उन्हें गोली मार दी गई.
महेंद्र कर्मा की हत्या का विवरण
अन्य गवाहियों में महेंद्र कर्मा को जंगल की ओर ले जाने और उनकी हत्या का जिक्र है. गवाहों के अनुसार, गोलीबारी रोकने के लिए कर्मा ने अपनी पहचान बताई और कहा कि वह आत्मसमर्पण कर रहे हैं. एक ट्रक ड्राइवर ने अदालत में दावा किया कि उसने कुछ नक्सलियों को कर्मा पर पत्थर, बंदूक और लात-घूंसों से हमला करते देखा.
अदालत के आदेश में दर्ज पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मा के शरीर पर कम से कम 69 चोटें थीं. इनमें सिर और शरीर पर धारदार हथियार के घाव, चेहरे पर चोट और पीठ में गोली के निशान शामिल थे. रिपोर्ट के अनुसार, गोली लगने से पसलियों और फेफड़ों को नुकसान पहुंचा था.
हमले की तैयारी और फोरेंसिक विवरण
अभियुक्त चैतु लेकाम उर्फ मुन्ना के बयान में दावा किया गया कि हमले से करीब एक सप्ताह पहले नक्सली टीमों ने नाले के किनारे सुबह-शाम अभ्यास किया था. एक अन्य बयान में टीसीओसी बैठक के दौरान अलग-अलग इलाकों और टीमों की जिम्मेदारियां बांटे जाने की बात कही गई है. हालांकि, इस जानकारी देने वाले गवाह ने प्रतिपरीक्षण में स्वीकार किया था कि वह घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं था.
जांच से जुड़े विवरणों में वाहनों पर करीब 206 गोलियों के निशान मिलने की बात कही गई है. हमले के दौरान AK-47, INSAS, 9 एमएम पिस्टल और SLR समेत हथियार लूटे जाने का भी उल्लेख है. नंदकुमार पटेल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दो गोली के घाव और दिनेश पटेल की रिपोर्ट में सिर पर धारदार हथियार के घाव तथा पीठ में गोली लगने का विवरण दर्ज है.
16 सितंबर को जगदलपुर की विशेष NIA अदालत ने मामले में 10 दोषियों को फांसी की सजा सुनाई थी. उपलब्ध विवरणों के अनुसार, 25 मई 2013 के हमले में कांग्रेस नेताओं समेत 27 लोगों की मौत हुई थी.
