छत्तीसगढ़ के झीरम घाटी माओवादी हमले से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत ने 10 दोषियों को मृत्युदंड सुनाया है. अदालत ने दोषियों को हाईकोर्ट में अपील दाखिल करने के लिए 30 दिन का समय दिया है.

विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत ने 5 सितंबर को मामले में इन 10 अभियुक्तों को दोषी करार दिया था. दोषियों की पहचान प्रमिला मोडियाम, सुमित्रा पुनेम, मुक्का मांडवी, मड़कामी देवा, कोसा कवासी, आयत मरकाम, बंजामी सेना, चैतू लेकाम, जोगा मड़कामी और महादेव नागा के रूप में हुई है. सभी वर्तमान में केंद्रीय कारागार में बंद हैं.

मामले में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ सुनवाई हुई थी, लेकिन ट्रायल के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई. NIA ने 2015 में करीब 1,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी. सुनवाई के दौरान अदालत में 101 गवाहों के बयान दर्ज किए गए.

25 मई 2013 को हुआ था हमला

माओवादी हमला 25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दरभा के पास झीरम घाटी में हुआ था. यह स्थान जगदलपुर से करीब 42 किलोमीटर दूर बताया गया है. हमले में पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा, तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल, वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल, पूर्व विधायक उदय मुदलियार और योगेंद्र शर्मा समेत कांग्रेस नेताओं, सुरक्षा बलों के जवानों और आम नागरिकों की मौत हुई थी. कुल 32 लोगों की जान गई, जबकि 38 लोग घायल हुए थे.

अभियोजन और बचाव पक्ष के वकीलों के अनुसार, आरोपियों को जिन गंभीर धाराओं में दोषी ठहराया गया है, उनमें आजीवन कारावास से लेकर मृत्युदंड तक का प्रावधान है. मृत्युदंड के बाद मामले में हाईकोर्ट की अपील प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी.