दुर्ग जिले के जोरातराई में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी कुरपा बाग को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी अहमदाबाद चला गया था, लेकिन वहां दोस्त से संपर्क नहीं होने पर वापस लौट आया. रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचते ही उसे पकड़ लिया गया.
घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की बताई गई है. राजेंद्र सिंह यादव जोरातराई के एक होटल में चाय पी रहे थे. इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और पीछे से चाकू से हमला कर दिया. चाकू गले में लगने से यादव घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
बाइक एम्स परिसर में खड़ी कर अहमदाबाद गया
पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद आरोपी ने अपनी बाइक एम्स परिसर में खड़ी की और ट्रेन से अहमदाबाद चला गया. वहां वह एक दोस्त के पास रुकने वाला था, लेकिन पहुंचने के बाद दोस्त ने उसका फोन नहीं उठाया. इसके बाद उसने वापस लौटने का फैसला किया.
अहमदाबाद से लौटते समय आरोपी ने दोस्त को फोन कर बताया कि उसकी बाइक एम्स में खड़ी है और वह रायपुर आ रहा है. उसने दोस्त से रायपुर स्टेशन पहुंचकर उसे लेने के लिए कहा. इस बातचीत की जानकारी आरोपी के भाई तक पहुंची. भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी रायपुर स्टेशन आने वाला है.
स्टेशन पर निगरानी कर गिरफ्तारी
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले एम्स परिसर से बाइक बरामद की. इसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर निगरानी शुरू की गई. आरोपी के स्टेशन पहुंचने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी की पहचान कुरपा बाग (40), निवासी मिलन चौक, बागपारा, ग्राम जोरातराई के रूप में बताई है. उसे जेल भेज दिया गया है. हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस अन्य साक्ष्यों के साथ जांच में शामिल कर रही है.
