सरगुजा और सूरजपुर जिलों में लोगों के लिए चिंता का कारण बना कबरा हाथी शनिवार को भी वन विभाग की पकड़ से बाहर रहा. उसे पकड़ने के लिए चलाया जा रहा रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार दूसरे दिन जारी रहा, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली.
वन विभाग के अनुसार, कबरा हाथी पिछले छह महीनों से इस इलाके में सक्रिय है. अब तक उसके हमलों में 19 लोगों की मौत की बात सामने आई है. नवंबर में ही 9 लोगों की जान जाने का दावा किया गया है.
17 हाथियों के दल में शामिल हुआ कबरा
रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अकेले घूमने वाला यह हाथी अब 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया है. दल के बीच उसकी सटीक पहचान और लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है. कबरा कभी दल के आगे तो कभी पीछे चल रहा है, जिससे उसकी घेराबंदी की योजना प्रभावित हो रही है.
शुक्रवार रात सायर के जंगल में कबरा का दल के एक नर हाथी से देर तक संघर्ष हुआ. जंगल में दोनों हाथियों की चिंघाड़ सुनाई देती रही. बाद में कबरा ने उस नर हाथी को दल से बाहर कर दिया और उसकी जगह दल में बना ली.
ऑपरेशन में मदद के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम भी मौके पर तैनात है. वन विभाग की टीमें हाथियों के दल की गतिविधियों पर नजर रखते हुए कबरा को अलग पहचानने और सुरक्षित तरीके से पकड़ने की कोशिश कर रही हैं.
17 स्कूलों में छुट्टी, ग्रामीणों को अलर्ट
हाथियों के दल की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के 17 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है और क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
वन विभाग के सामने चुनौती यह भी है कि रेस्क्यू के दौरान पूरे हाथियों के दल की गतिविधियों को ध्यान में रखना होगा. ग्रामीणों से सतर्क रहने, जंगल और सुनसान रास्तों से दूर रहने तथा हाथियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है.
