छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में चिल्फी पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 407 किलो 330 ग्राम गांजा जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपए है. मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी राजू यादव (27) और विकास यादव (26) को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को सूचना मिली थी कि ‘PADHAN’ लिखा कंटेनर ट्रक रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जा रहा है. इसके बाद चिल्फी थाने के सामने नेशनल हाईवे-30 पर नाकाबंदी की गई. संदिग्ध ट्रक के पहुंचने पर उसे रोककर तलाशी ली गई.
ड्राइवर सीट के ऊपर मिला गुप्त कक्ष
तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर एक गुप्त कक्ष मिला. पुलिस ने उसे खोलकर खाकी रंग के टेप से लिपटे 192 पैकेट बरामद किए. जांच में सभी पैकेटों में गांजा मिला और उनका कुल वजन 407 किलो 330 ग्राम बताया गया.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को अलीगढ़ से कंटेनर लेकर निकले थे. उनके अनुसार, 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकीघाटी में ट्रक के गुप्त कक्ष में गांजा भरवाया गया था. इसके बाद वे इसे रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते अलीगढ़ ले जा रहे थे.
2.29 करोड़ रुपए से अधिक की जब्ती
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव के अनुसार, गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और Redmi का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. ट्रक की कीमत 26 लाख रुपए और मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपए आंकी गई है. पुलिस ने कुल जब्ती का मूल्य 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपए बताया है.
चिल्फी थाने में अपराध क्रमांक 30/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है. दोनों को 24 नवंबर को विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया जा रहा है. पुलिस सप्लाई नेटवर्क, अन्य संभावित आरोपियों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है.
