छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में राज्य विद्युत वितरण कंपनी की 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की राशि के कथित गबन के मामले में पुलिस ने कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है. अदालत में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, मनोज साहू सहायक ग्रेड-03 के पद पर कार्यरत था और उसके पास विद्युत कंपनी की राजस्व वसूली को बैंक खाते में जमा कराने की जिम्मेदारी थी. वह रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में तैनात रहा था.

दो केंद्रों की राशि बैंक में जमा नहीं हुई

जांच के अनुसार, रवेली केंद्र में पदस्थापना के दौरान 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये बैंक खाते में जमा नहीं कराए गए. इसके बाद मरका केंद्र का प्रभार संभालने के दौरान 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की राशि भी जमा नहीं कराई गई. दोनों रकम को मिलाकर कथित गबन की राशि 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये बताई गई है.

यह वित्तीय अनियमितता वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच की अवधि से संबंधित है. कंपनी के खातों के ऑडिट के दौरान मामला सामने आने के बाद रवेली केंद्र के सहायक अभियंता सुनील कुमार गुप्ता ने पिपरिया थाने में लिखित शिकायत दी. इसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की.

विवेचना के दौरान मरका केंद्र के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी ने भी आरोपी के खिलाफ अलग शिकायत दी. पुलिस ने दोनों मामलों को जांच में शामिल कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने राशि अपने पास रखने की बात स्वीकार की. अब कथित तौर पर गबन की गई रकम की बरामदगी के लिए आगे की जांच की जा रही है.