प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) में कथित फर्जीवाड़े की जांच अब छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले तक पहुंच गई है. पंडरिया विकासखंड की मध्य प्रदेश सीमा से लगी ग्राम पंचायत भेलकी के आश्रित गांव बदनाचुआ में दो ग्रामीणों को कागजों में मृत दिखाकर उनके नाम पर दो-दो लाख रुपये के बीमा क्लेम निकाले जाने का मामला सामने आया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच के दौरान दोनों ग्रामीण अपने गांव में जीवित मिले. तीसरे व्यक्ति के संबंध में परिजनों ने बताया कि वह रोजगार के सिलसिले में रायपुर गया हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि दस्तावेजों में मृत दिखाकर उनके नाम पर बीमा राशि का दावा किया गया है.
मामले में 59 बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. अब जांच एजेंसियों के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि जीवित लोगों के नाम पर मृत्यु से जुड़े दस्तावेज कैसे तैयार हुए और क्लेम की रकम किसने हासिल की.
इस प्रकरण के तार मध्य प्रदेश में चल रही जांच से जुड़े बताए जा रहे हैं. वहां PMJJBY के 482 कथित फर्जी क्लेम जांच के दायरे में हैं. छत्तीसगढ़ मामले में जिम्मेदार लोगों और दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर जांच जारी है.
