कबीरधाम जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. 18 सितंबर 2026 को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 40 प्रकरण दर्ज किए गए. इनमें सार्वजनिक जगहों पर शराब सेवन और लोगों को अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने से जुड़े मामले शामिल हैं.
सिटी कोतवाली में 30 प्रकरण
सिटी कोतवाली पुलिस ने एक दिन में 30 मामले दर्ज किए. इनमें आबकारी अधिनियम की धारा 36(च)(1) और 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई. सरोधा डेम के पास कमलेश साहू (24), निवासी खैरबना कला, के खिलाफ धारा 36(सी) में मामला दर्ज हुआ. पुलिस के मुताबिक, उस पर अवैध कमाई के इरादे से लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने का आरोप है.
धारा 36(च)(1) के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए 29 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. कार्रवाई रायपुर रोड, नया बस स्टैंड, छिरहा रोड, राजनांदगांव रोड, समनापुर में श्मशान घर के पीछे और ट्रांसपोर्ट नगर समेत अलग-अलग जगहों पर हुई.
पिपरिया में शराब सेवन और सुविधा देने के केस
पिपरिया पुलिस ने कुल छह प्रकरण दर्ज किए. सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के आरोप में दूबहा निवासी हुकुमचंद साहू और नवघटा निवासी सुदर्शन चंद्रवंशी के खिलाफ धारा 36(च)(1) में कार्रवाई की गई.
वहीं, धारा 36(सी) के तहत लोचन निवासी विधि साहू और शिवचरण धुवे, देवरी निवासी परमेश्वर कश्यप तथा नवघटा निवासी धन्नू के खिलाफ लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में केस दर्ज किए गए. कार्रवाई बिरकोना रोड गेट, नहर पारा पानी टंकी, लोचन में दुकान के सामने, देवरी पुलिया और कॉलेज रोड नहर पार समेत विभिन्न स्थानों पर हुई.
रेंगाखार और कुण्डा में भी कार्रवाई
रेंगाखार पुलिस ने संगम चौक में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए गए बमहनी निवासी चिंताराम यादव (21) के खिलाफ धारा 36(च)(1) में अपराध क्रमांक 19/26 दर्ज किया. पुलिस के अनुसार, इस मामले में कोई जब्ती नहीं हुई.
कुण्डा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के तीन मामले दर्ज किए. ये कार्रवाई कुण्डा-फास्टरपुर मार्ग पर तालाब के पास, सब्जी मार्केट और बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय में की गई. पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने जैसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
