कबीरधाम जिले में दीपावली के मद्देनजर पुलिस ने जुआ-सट्टा और अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया. पुलिस के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेलते 23 लोगों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज किए गए. कार्रवाई के दौरान कुल 16,480 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गईं.
सिटी कोतवाली पुलिस ने 3 और 4 नवंबर की दरम्यानी रात ग्राम भागुटोला स्कूल के पीछे, सिविल बंगला के पीछे और कैलाश सरोवर के पास दबिश दी. इन स्थानों पर पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए. भागुटोला में दो मामलों में 1,130 और 1,220 रुपये, सिविल बंगला के पीछे 3,480 रुपये तथा कैलाश सरोवर के पास दो मामलों में 4,400 और 4,500 रुपये जब्त किए गए. इन सभी मामलों में 52 पत्ती ताश भी बरामद की गई.
चौकी पोड़ी पुलिस ने 3 नवंबर को ग्राम बैहरसरी में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते तीन लोगों को पकड़ा. उनके खिलाफ मामला दर्ज कर 1,750 रुपये और ताश की 52 पत्ती जब्त की गई.
शराब से जुड़े नौ मामलों में कार्रवाई
पुलिस ने पिपरिया, पांडातराई और पंडरिया थाना क्षेत्रों में आबकारी एक्ट के तहत नौ मामलों में नौ लोगों पर कार्रवाई की. पिपरिया में छह मामले दर्ज हुए, जिनमें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के पांच और अवैध शराब बेचने का एक मामला शामिल है. पांडातराई में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के दो मामले दर्ज किए गए. पंडरिया में लोगों को शराब पीने की सुविधा देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हुई.
पुलिस ने कहा कि त्योहार के दौरान अवैध गतिविधियों पर निगरानी जारी रहेगी. लोगों से दीपावली शांति और सौहार्द के साथ मनाने तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है.
