कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सराफा कारोबारी से हुई डकैती के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 900 ग्राम चांदी के आभूषण, 1 किलो 124 ग्राम गली हुई चांदी, नकदी और दो मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है.

पुलिस के अनुसार, वारदात 27 अक्तूबर को ग्राम दुर्जनपुर में मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास हुई थी. सराफा कारोबारी वेदप्रकाश सोनी अपने काम से जा रहे थे, तभी आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया. आरोप है कि उनके साथ डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई और बैग में रखे पुराने-नए चांदी के आभूषण, करीब 15 ग्राम सोना तथा नकदी लूट ली गई.

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर 31 अक्तूबर को निखिल कुर्रे, संजय स्रोत और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल और 1,500 रुपये बरामद होने की बात पुलिस ने कही है.

पूछताछ के आधार पर बिलासपुर से अरुण उर्फ अन्नू बंजारे और प्रेम उर्फ प्रीतम को पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, लूटे गए आभूषणों का एक हिस्सा 1,02,000 रुपये में बेचा गया था, जिसमें से 84,000 रुपये बरामद किए गए.

जांच में आभूषणों को जमशेदपुर में बेचने और गलाने की जानकारी सामने आई. वहां से सुमंतो घोड़ाई उर्फ कोबो और सुरेश नाना माने को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि करधन और पायल गलाने के बाद 1 किलो 124 ग्राम चांदी तैयार हुई थी, जिसे 1,14,000 रुपये में बेचने की बात सामने आई. दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कबीरधाम लाया गया है. पुलिस शेष सामान की बरामदगी और मामले की आगे की विवेचना कर रही है.