छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम मंझोली में नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने जा रहे कक्षा 8वीं के छात्र की 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतक की पहचान राकेश निर्मलकर (16), पिता तोपचंद, निवासी मंझोली के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, राकेश शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे मोटरसाइकिल से परीक्षा देने निकला था. रास्ते में जमीन पर पड़ा बिजली का तार उसके संपर्क में आ गया. करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों को घटना की जानकारी करीब एक घंटे बाद मिली.
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. उन्होंने बिजली कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाने, परिवार को मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग करते हुए रास्ता जाम कर दिया. ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया, जिसके कारण शव करीब छह घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया.
शाम करीब पांच बजे 4 लाख रुपये के मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को बिजली कार्यालय में काम देने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मुआवजे के लिए दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना है.
बिजली कंपनी के कार्यपालन अभियंता केके झा के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम भेजी गई थी. कार्रवाई में देरी की जांच की जाएगी. सब-स्टेशन का ब्रेकर ट्रिप क्यों नहीं हुआ और सुरक्षा प्रणाली ने काम क्यों नहीं किया, इसकी तकनीकी जांच भी होगी.
ग्रामीणों का आरोप है कि यह लाइन पहले भी तीन बार टूट चुकी थी और इसकी शिकायत की गई थी. उनका कहना है कि मरम्मत के बावजूद तार बदला नहीं गया. बिजली कंपनी ने मेंटेनेंस रिकॉर्ड की जांच और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करने की बात कही है.
