छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, गांधीवादी चिंतक और लेखक कनक तिवारी का गुरुवार को 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनकी बेटी के सिंगापुर से दुर्ग पहुंचने के बाद शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा.

कनक तिवारी का जन्म 26 जुलाई 1940 को हुआ था. उन्होंने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की और करीब आठ से नौ वर्ष तक कॉलेजों में पढ़ाया. इसके बाद वे पत्रकारिता से जुड़े. उन्होंने PTI, नवभारत टाइम्स, नवभारत और नागपुर टाइम्स जैसे संस्थानों में काम किया.

इसके बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई की. वर्ष 1971 में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने वकालत शुरू की. कानून के साथ वे सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी सक्रिय रूप से अपनी राय रखते थे. मजदूर नेता शंकर गुहा नियोगी की हत्या के बाद उनके जमानत और कानूनी मामलों से जुड़े प्रसंगों में भी तिवारी की भूमिका का उल्लेख मिलता है.

महाधिवक्ता पद और सार्वजनिक भूमिका

दिसंबर 2018 में तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया था. जून 2019 में पद से हटाए जाने के बाद तिवारी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है. उन्होंने सवाल उठाया था कि इस्तीफा दिए बिना उसे मंजूर कैसे किया जा सकता है.

तिवारी गांधी के अहिंसक विचारों से प्रभावित थे और अंबेडकर, लोहिया, नेहरू तथा भगत सिंह के विचारों का भी अध्ययन करते थे. आदिवासी अधिकारों पर उनकी पुस्तक ‘आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा: ब्रिटिश हुकूमत से 21वीं सदी तक’ का 2021 में राजभवन में विमोचन हुआ था. ‘संविधान और हम भारत के लोग’, ‘फिर से हिंद स्वराज’ और ‘बस्तर: लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट’ उनकी चर्चित पुस्तकों में शामिल हैं.