मध्यप्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व से लगे रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर वन्यजीवों को सड़क हादसों से बचाने के लिए टेबल-टॉप रेड मार्किंग का प्रयोग किया गया है. सड़क पर रेड कारपेट जैसी दिखने वाली लाल, खुरदरी परत वाहन चालकों को वन्यजीव क्षेत्र में पहुंचने का संकेत देती है.

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पहले चरण में कबीरधाम जिले की चिल्फी घाटी से करीब 12 किलोमीटर आगे कान्हा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में चार किलोमीटर सड़क पर यह मार्किंग की है. अब भोरमदेव अभयारण्य से गुजरने वाले हाईवे के हिस्से में भी ऐसी मार्किंग करने की तैयारी है.

NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार के अनुसार, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रयोग सफल रहा तो इसे छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जाएगा.

कैसे काम करती है रेड मार्किंग

टेबल-टॉप रेड मार्किंग सड़क पर बनाई जाने वाली करीब 5 मिलीमीटर ऊंची और खुरदरी लाल सतह है. सामान्य सड़क से अलग रंग और बनावट होने के कारण यह वाहन चालकों का ध्यान तुरंत खींचती है और उन्हें रफ्तार कम करने के लिए सतर्क करती है.

इस सतह पर वाहनों के पहियों से अलग तरह की आवाज भी निकलती है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इससे वन्यजीवों के सतर्क होकर सड़क से दूर रहने में मदद मिलने की उम्मीद है.