छत्तीसगढ़ के कांकेर में पुलिस ने 447.720 किलो गांजा जब्त करने के मामले में हरियाणा निवासी एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपए है. आरोपी के पास से फॉर्च्यूनर कार, छह कथित फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पूरी जब्ती की कीमत करीब 2 करोड़ 48 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है.
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर को सूचना मिली थी कि फॉर्च्यूनर कार में गांजा भरकर ओडिशा से केशकाल के रास्ते कांकेर लाया जा रहा है. इसके बाद गढ़पिछवाड़ी चौक बायपास रोड पर नाकेबंदी की गई. संदिग्ध कार के पहुंचने पर चालक ने पुलिस को देखकर रफ्तार बढ़ा दी और घेराबंदी तोड़कर कांकेर शहर की ओर भाग गया. माकड़ी पुलिया और ज्ञानी चौक पर भी नाकेबंदी की गई.
तलाशी के दौरान ग्राम सिंगारभाट के राइस मिलपारा में शिव मंदिर के पास जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से भूरे टेप में लिपटे पैकेट मिले. पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में इनकी गिनती और तौल कराई. कुल 90 पैकेटों में 447.720 किलो गांजा मिला.
300 से ज्यादा CCTV कैमरों से सुराग
पुलिस के अनुसार, कार चालक लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और मोबाइल बंद कर देता था. पुलिस और साइबर सेल ने टोल नाकों, पेट्रोल पंपों और मुख्य चौराहों समेत 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके बाद आरोपी को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया.
आरोपी की पहचान सुखपाल उर्फ सुक्खा (30), निवासी फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि वह ओडिशा से गांजा खरीदकर हरियाणा और आसपास के राज्यों में बेचने की तैयारी में था. चेकिंग से बचने के लिए वह कार में ओडिशा, महाराष्ट्र और हरियाणा की छह अलग-अलग नंबर प्लेट रखता था.
पुलिस ने आरोपी को 7 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया. उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
