छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) के कुहचे कैंप में सोमवार सुबह एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई. मृतक की पहचान आनंद प्रकाश तिवारी के रूप में हुई है. वह SSB की 28वीं बटालियन में तैनात थे और उनका परिवार उत्तर प्रदेश में रहता है.
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब पांच बजे कैंप परिसर में हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी. गोली चलने की आवाज के बाद कैंप में मौजूद कर्मियों को घटना का पता चला.
सूचना मिलने पर अंतागढ़ थाना पुलिस, SSB के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाए हैं. पुलिस घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों की जांच कर रही है.
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटना की पुष्टि की है. पुलिस जवान के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और हालिया बातचीत की तकनीकी जांच करेगी. जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि घटना से पहले वह किसी मानसिक दबाव या निजी परेशानी से जूझ रहे थे या नहीं.
पुलिस ने उत्तर प्रदेश में रह रहे जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजनों से बातचीत के जरिए भी उनके हालिया तनाव या किसी अन्य परेशानी से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. घटना के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.
