कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के रतेसरा गांव में सूने मकान से चोरी के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब 5 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है.
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 6 सितंबर को वह परिवार के साथ रिश्तेदार के घर बरपारा रतेसरा गया था. शाम करीब 7:30 बजे लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और ताला टूटा हुआ था. घर की अलमारी से सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन और नकदी गायब थी. शिकायत में चोरी गए सामान की कीमत करीब 2.30 लाख रुपये बताई गई थी.
सामान बेचने की कोशिश की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सूचना मिली कि एक महिला और एक पुरुष चारामा क्षेत्र में सोने-चांदी के सामान को बेचने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद चारामा पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पुलिस ने आरोपियों की पहचान कैलाश कावड़े, निवासी करलखा मुरियापारा, नारायणपुर और जगिता सलाम, निवासी कुरिष्ठिकुर, थाना कोरर, जिला कांकेर, हाल निवासी ग्राम दरगहन, चारामा के रूप में बताई है.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने रतेसरा के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर गहने, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई.
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है. पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है.
