छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने 11 राज्यों से जुड़ी 3.37 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम जमा करने और उसे दूसरे खातों में भेजने के लिए किया जा रहा था. अदालत में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

साइबर सेल को गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर बैंक ऑफ वडोदरा के कुछ संदिग्ध खातों की जानकारी मिली थी. इसके बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने खातों की जांच की. जांच में इन्हें ‘म्यूल अकाउंट’ के तौर पर इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई. पुलिस ने खातों में जमा 67,850 रुपये होल्ड करा दिए हैं.

पुलिस के मुताबिक, इन खातों के खिलाफ बिहार के गया, तमिलनाडु के तांबरम, पश्चिम बंगाल के हुगली, दिल्ली, गुजरात के बनासकांठा, हिमाचल प्रदेश के मंडी, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कई इलाकों से कुल 11 साइबर शिकायतें दर्ज थीं. महाराष्ट्र में मुंबई, ठाणे, मीरा-भायंदर, वसई-विरार और यवतमाल की शिकायतें शामिल हैं.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र के नयापारा उतामार निवासी 25 वर्षीय अखिलेश्वर जैन और जेपरा निवासी 26 वर्षीय सतीश उसेंडी के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि फरसगांव निवासी परमेश्वर मरकाम ने जून 2025 में उनके नाम से खाते खुलवाए और उन्हें अपने पास रख लिया था. खातों से जुड़े मोबाइल सिम भी उसी के इस्तेमाल में थे.

पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों को खाते खुलवाने के बदले 10-10 हजार रुपये और समय-समय पर कमीशन दिया गया. परमेश्वर मरकाम एक अन्य कथित फर्जीवाड़े के मामले में कोंडागांव जेल में बंद है. पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत करने की अपील की है.