छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में विद्युत विभाग के कार्यालय में धनतेरस के दिन दिवाली उपहार के नाम पर शराब की बोतलें बांटे जाने का आरोप सामने आया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्यालय पहुंचकर वहां मौजूद बोतलों को जांच के लिए जब्त किया और कार्यपालन अभियंता एस. के. किंडो से पूछताछ की.

आरोप है कि कार्यालयीन समय में कर्मचारियों की मेजों के ऊपर और नीचे एक जैसे पैकेटों में शराब की बोतलें रखी गई थीं. बताया गया कि इन पैकेटों के साथ मिठाई के डिब्बे भी थे. कार्यालय में महिला कर्मचारियों की मौजूदगी के बीच शराब रखे होने की जानकारी सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया.

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष ब्लोमेंद्र यादव ने मामले की जानकारी मिलने के बाद विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर वीडियो बनाया. उनके मुताबिक, उन्होंने कार्यपालन अभियंता से बोतलों के बारे में सवाल किया, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत पर पुलिस टीम कार्यालय पहुंची और शराब की बोतलें अपने कब्जे में लीं. पुलिस कार्यपालन अभियंता को पूछताछ के लिए कोतवाली थाने ले गई. इसके बाद विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी भी थाने पहुंचे.

कार्यपालन अभियंता एस. के. किंडो ने कार्यालय में शराब की बोतलें आने की जानकारी से इनकार किया है. उन्होंने आरोपों को निराधार बताया और दावा किया कि पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में थाने ले गई तथा रास्ते में उनके साथ अभद्रता की गई. उन्होंने पुलिस के व्यवहार को अशोभनीय बताया.

फिलहाल पुलिस शिकायत और जब्त बोतलों के आधार पर जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बोतलें कार्यालय में किसके द्वारा और किस उद्देश्य से रखी गई थीं.