कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड में खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाते हुए लोहत्तर क्षेत्र के करीब 400 किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया. किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराने और राहत-मुआवजा देने की मांग की.
किसानों के मुताबिक, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति लोहत्तर के तहत आने वाले 12 गांवों में धान की फसल पर माहू, तना छेदक और ब्लास्ट का प्रकोप है. उनका दावा है कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में खड़ी करीब 90 प्रतिशत फसल सूखने और खराब होने की स्थिति में है. किसानों ने कहा कि खेती में अपनी पूंजी लगाने के बाद उन्हें प्राकृतिक परिस्थितियों और कीट प्रकोप के कारण भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.
सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
किसानों ने राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम से खेतों का स्थल निरीक्षण कर पारदर्शी सर्वे कराने की मांग की. उन्होंने सर्वे में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और किसानों को शामिल करने का आग्रह किया, ताकि नुकसान का सही आकलन हो सके.
ज्ञापन में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा क्लेम दिलाने, कृषि ऋण में राहत देने और क्षेत्र को सूखा प्रभावित घोषित करने की मांग भी शामिल है. किसानों ने उचित मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग दोहराई.
प्रदर्शन के दौरान जनपद सदस्य विकास राजू नायक, सरपंच बसंती भालेश्वर, कन्हैया पात्र और चांदनी शांतिलाल जाड़े समेत कई जनप्रतिनिधियों ने किसानों का समर्थन किया.
तहसीलदार सुरेन्द्र उर्वशा ने बताया कि क्षेत्र में अब तक 52 प्रतिशत बारिश हुई है और इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है. उन्होंने कहा कि फसल कटाई के समय सर्वे कराया जाएगा और किसानों की मांगों व नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी.
