छत्तीसगढ़ के कांकेर में ग्रैंड विजन फर्म के सेट टॉप बॉक्स और केबल टीवी प्रसारण से जुड़े अन्य उपकरणों को कथित तौर पर अपने कब्जे में रखने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. आरोपियों की पहचान साहेब जिशान अली खान, साजिद खान और मतिन खान के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, ग्रैंड विजन फर्म के रायपुर स्थित कार्यालय के मैनेजर ने कांकेर थाने में शिकायत दी थी. शिकायत में कहा गया है कि फर्म नवंबर 2022 से कांकेर के अलग-अलग इलाकों में केबल टीवी प्रसारण का काम कर रही थी. इसके लिए स्थानीय केबल ऑपरेटरों को सेट टॉप बॉक्स और अन्य तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए गए थे.
318 सेट टॉप बॉक्स समेत उपकरण शामिल
फर्म के अनुसार, 318 नए सेट टॉप बॉक्स की कीमत करीब 4.77 लाख रुपए है. इसके अलावा फाइबर केबल, वायर, पैच कार्ड, स्प्लिटर और अन्य प्रसारण उपकरणों की कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई गई है. शिकायत में कुल करीब 5.57 लाख रुपए के उपकरणों पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है.
शिकायत के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को उपभोक्ताओं के घरों से सेट टॉप बॉक्स निकालकर अपने कब्जे में ले लिए गए. फर्म का आरोप है कि उपकरण लौटाने के लिए कहने पर आरोपियों ने इनकार किया और धमकी भी दी. शिकायत में यह भी कहा गया है कि नवंबर 2022 से अक्टूबर 2026 तक केबल प्रसारण के बदले हर महीने सब्सक्रिप्शन शुल्क मिलता रहा.
ग्रैंड विजन की शिकायत पर कांकेर पुलिस ने 28 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया. आरोपों की पुष्टि और उपकरणों की बरामदगी को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
