छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी और उनके सहयोगी सीए इमरान मेमन को कथित तौर पर 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. कार्रवाई शनिवार शाम आदर्श नगर स्थित अधिकारी के किराए के मकान में की गई.
एसीबी के अनुसार, टीम को देखते ही अधिकारी ने रकम पास की नाली में फेंकने की कोशिश की और घर के अंदर जाने लगीं. एसीबी की महिला कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ लिया, जबकि सीए इमरान मेमन को बाहर से हिरासत में लिया गया. दोनों के हाथ धुलवाने पर पानी गुलाबी होने की बात सामने आई. एजेंसी के मुताबिक, यह नोटों पर लगाए गए रासायनिक पदार्थ की मौजूदगी का संकेत था.
वाहन छोड़ने के बदले रकम मांगने का आरोप
मामला 18 नवंबर की रात का बताया गया है. शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी शोएब रंगरेज के अनुसार, माकड़ी में उनका वाहन रोका गया था. उनका दावा है कि वाहन में ई-वे बिल मौजूद था, फिर भी तकनीकी कमियां बताकर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही गई. आरोप है कि बाद में 2 लाख रुपये में बात तय हुई, जिसमें 50 हजार रुपये सरकारी पेनाल्टी और 1.50 लाख रुपये कथित रिश्वत थी.
रकम के लिए दबाव बनाए जाने के बाद कारोबारी ने एसीबी रायपुर में शिकायत की. सत्यापन के बाद जाल बिछाया गया. एसीबी के मुताबिक, शाम करीब 3:30 बजे सीए मेमन ने 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी अधिकारी को दी और रकम लेते ही टीम ने कार्रवाई की.
डीएसपी रमेश मरकाम ने बताया कि दोनों आरोपियों के हाथों में रासायनिक रंग मिला है. दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की गई है. आवास की तलाशी भी ली जा रही थी. मामले में आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया जारी है.
