कांकेर जिले के कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद कथित तोड़फोड़ और स्टाफ से बदसलूकी के मामले में पखांजूर पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर अस्पताल में जबरन घुसने, कर्मचारियों से गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे हुई थी. बच्चे की मौत के बाद आसपास के गांवों के कुछ लोग अस्पताल पहुंचे थे. आरोप है कि भीड़ ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे, दरवाजे, खिड़कियां, कांच, टेबल-कुर्सियां, कंप्यूटर, लैपटॉप, एलईडी टीवी, एसी, कूलर और अन्य फर्नीचर को क्षतिग्रस्त कर दिया.
अस्पताल से जुड़े कापसी निवासी सुनील हलदार की शिकायत पर 14 जून को पखांजूर थाने में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 127(2), 324(5), 333, 190 और 191(2) के साथ छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति को क्षति व हानि) अधिनियम, 2016 की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज किया.
पुलिस ने बताया कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 19 नवंबर को सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें अजीत सरकार, समीर दास, किशोर राजवंशी, बप्पी मजूमदार, सोनातन सरदार, संजीव कुमार मंडल, राजेश पाल, निर्मल चकवर्ती, सुमित समद्दार, विकास केशवानी, रमेन मौलिक, नेपाल हलदार, कल्पना हलदार और अर्जुन हलदार शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, अजीत सरकार की निशानदेही पर कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर जब्त किया गया है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है. पुलिस ने लोगों से विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेने और कानूनी प्रक्रिया अपनाने की अपील की है.
