छत्तीसगढ़ के कांकेर और केशकाल में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपए कीमत का गांजा जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, एक मामले में तस्कर गांजे की बोरियां छोड़कर फरार हो गए, जबकि दूसरे मामले में कार से गांजा बरामद कर राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. दोनों मामलों में तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी है.

गढ़िया पहाड़ के पास 70 बोरियां बरामद

कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिगारभाट स्थित गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने 70 बोरी गांजा बरामद किया. इसका कुल वजन 2 क्विंटल 80 किलो और अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए बताई गई है. पुलिस के मुताबिक, तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते कांकेर पहुंचे थे.

तस्करी की सूचना के बाद केशकाल और कांकेर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की. पुलिस घेराबंदी की भनक लगने पर संदिग्ध गांजे की बोरियां पहाड़ के पास छोड़कर भाग गए. कांकेर SDOP हरीश पाटिल के अनुसार, तस्करी में इस्तेमाल दो वाहनों की पहचान की गई है और एक चालक को चिह्नित किया गया है. फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.

कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा मिला

दूसरी कार्रवाई में केशकाल पुलिस ने 3 नवंबर को कार नंबर OD-10-V-7053 को रोककर तलाशी ली. कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपए आंकी गई. गांजा 78 पैकेट में ड्राइवर सीट के पीछे और डिक्की में टेप से लपेटकर रखा गया था.

पुलिस ने चालक की पहचान राजस्थान निवासी दीपक कुमार माली (31) के रूप में बताई है. कार के डैशबोर्ड से RJ-23-UB-8472 नंबर की अतिरिक्त प्लेट, एक Redmi मोबाइल और 1,100 रुपए नकद भी मिले. पुलिस ने गांजा, कार और अन्य सामान समेत 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की. आरोपी पर NDPS Act की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.