रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच मिलता है. उनके मुताबिक, छत्तीसगढ़ के प्रयासों का उल्लेख प्रदेशवासियों के परिश्रम और सहभागिता का सम्मान है और इससे स्थानीय स्तर पर बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है.
मुनगा अभियान को कुपोषण के खिलाफ पहल बताया
साय ने कहा कि ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान कुपोषण के खिलाफ राज्य की लड़ाई को जनभागीदारी से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने मुनगा को आसानी से उपलब्ध पोषण स्रोत बताते हुए कहा कि इसके पत्ते, फल और फूल भोजन में इस्तेमाल किए जाते हैं तथा इनमें आयरन सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से घरों में मुनगा लगाने और इसके पोषण लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करने की अपील की.
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, सांस्कृतिक विरासत और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर संवाद किया. सितंबर को पोषण माह के रूप में रेखांकित करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग के मुनगा अभियान का भी उल्लेख किया.
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बदलाव का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर और कांकेर का क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है. उनके अनुसार, केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों, सुरक्षा बलों की भूमिका और स्थानीय जनता के सहयोग से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि पहले भय और असुरक्षा वाले क्षेत्रों में अब शांति, विश्वास और विकास का वातावरण बन रहा है.
साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है.
लामकन्हार के लिए 85 लाख रुपये के कार्य
मुख्यमंत्री ने लामकन्हार में कुल 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की. इनमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख रुपये, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख रुपये और एकलव्य विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपये शामिल हैं.
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा लगाया. उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की. कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे.
