छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में महाराष्ट्र सीमा से लगे जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सली डंप बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई बांदे-छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के दागुनटोला और पुसगटटा गांवों के बीच की गई.
जिला बल, BSF और BDS की संयुक्त टीम सीमावर्ती क्षेत्र में सर्चिंग कर रही थी. इसी दौरान टीम को संदिग्ध नक्सली डंप का पता चला. तलाशी में एक सिंगल बैरल 12 बोर रायफल, एक डबल बैरल 12 बोर रायफल और 11 कारतूस मिले. इसके अलावा दो प्रिंटर समेत अन्य सामग्री भी बरामद की गई है.
सीमावर्ती इलाकों में सर्चिंग जारी
पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में सुरक्षा बल रोजाना सर्चिंग कर रहे हैं और डंप किए गए सामान की तलाश की जा रही है. कांकेर के एसपी निखिल कुमार राखेचा ने कहा कि अभियान के दौरान लगातार सफलता मिल रही है और आगे भी इन इलाकों में सर्चिंग जारी रहेगी.
यह कार्रवाई IG, BSF DIG और एसपी के मार्गदर्शन में की गई. संयुक्त अभियान में BSF की 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर एचएन शर्मा और इंस्पेक्टर हनुमान सहाय मीणा टीम कमांडर के रूप में शामिल रहे. पुलिस ने कहा कि सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सघन सर्चिंग जारी रहेगी.
