छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों पर हमला करने और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहने के मामले में तीन नक्सलियों को 10-10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है. भानुप्रतापपुर की विशेष एनआईए अदालत के न्यायाधीश दीपक के. गुप्ता ने यह फैसला सुनाया. अदालत ने तीनों दोषियों पर 3,500-3,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया.
दोषियों की पहचान 35 वर्षीय पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, 25 वर्षीय रमेश पुनेम उर्फ बुधरू और 22 वर्षीय पुनऊ राम मंडावी के रूप में हुई है. तीनों को कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र के जंगलों में घेराबंदी के दौरान पकड़ा गया था.
18 मई 2023 की घटना
मामला 18 मई 2023 का है. कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सीओबी चिलपरस और ढूंट्टा से जवानों की संयुक्त टीम तलाशी अभियान पर भेजी गई थी. जवान कागबरस, नयापारा और चिलपरस के जंगलों से होते हुए केसोकोड़ी की ओर बढ़ रहे थे.
तलाशी के दौरान पहाड़ी जंगल के पास तीन संदिग्ध दिखाई दिए. सुरक्षाबलों को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, जिसके बाद टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने जवानों पर हमला किया, जिसमें एक जवान के दाहिने हाथ में चोट आई.
तलाशी में आरोपियों के पास से वॉकी-टॉकी सेट, नक्सली साहित्य, माओवादी चिट्ठियां, नकदी, गुलेल, टॉर्च और चाकू बरामद होने की जानकारी दी गई. मामले में भारतीय दंड संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था. अभियोजन की ओर से अपर लोक अभियोजक टी.एस. यादव ने दलीलें पेश कीं.
