छत्तीसगढ़ के करही बाजार में तीजा-पोरा पर्व के अवसर पर दशहरा मैदान में भोजली, सुवा नृत्य और एकल मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई. कार्यक्रम में गांव की बेटियों और स्थानीय प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी से मैदान में उत्सव का माहौल बना रहा.

प्रतियोगिता का शुभारंभ दोपहर 3 बजे हुआ. आयोजन समिति ने कार्यक्रम की तैयारियां एक दिन पहले पूरी कर ली थीं. तीज पर्व पर गांव की बेटियां अपने मायके आती हैं. इसी परंपरा को उत्सव और मनोरंजन से जोड़ते हुए करही बाजार में हर साल ऐसे कार्यक्रम किए जाते हैं.

भोजली प्रतियोगिता के परिणाम

भोजली प्रतियोगिता में पानी टंकी चौक ने पहला स्थान हासिल किया. महामाया पारा चौक दूसरे, संध्या ग्रुप निषाद पारा तीसरे, नीम चौक पटेल पारा चौथे और बजरंग चौक पांचवें स्थान पर रहा.

विजेताओं को क्रमशः ₹3,100, ₹2,100, ₹1,500, ₹1,100 और ₹500 की पुरस्कार राशि दी गई. यह राशि अरुण निषाद, रामकुमार यादव, अजर दास मानिकपुरी, सुखचंद देवांगन और रामप्रसाद पटेल की ओर से प्रदान की गई.

सुवा नृत्य में संध्या ग्रुप प्रथम

सुवा नृत्य प्रतियोगिता में संध्या ग्रुप निषाद पारा ने पहला स्थान प्राप्त किया. पानी टंकी पारा दूसरे, महामाया पारा तीसरे, नीम चौक पटेल पारा चौथे और बजरंग चौक पांचवें स्थान पर रहे.

ग्राम अध्यक्ष और आयोजन समिति के प्रमुख रामकुमार यादव ने बताया कि तीज पर्व पर गांव की बेटियों के लिए हर वर्ष इस तरह के आयोजन किए जाते हैं. सरपंच कमला निषाद के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को एक स्थान पर जुटाकर उनके साथ उत्साहपूर्वक पर्व मनाना है. आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण संस्कृति और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में मदद करते हैं.