बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाने में कृषि विस्तार अधिकारी राकेश रत्नेश के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. कृषि औषधि व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उनसे कृषि से संबंधित दवाइयां लीं, लेकिन उनका भुगतान नहीं किया. शिकायत में बकाया रकम करीब 13 लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और अधिकारी की तलाश की जा रही है. एडिशनल एसपी कोमन सिन्हा ने बताया कि पुलिस तकनीकी माध्यमों से उनकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है. पुलिस को लोकेशन मिलने की जानकारी दी गई है और अधिकारी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. उन्होंने कहा कि अभी मामला प्रथम दृष्टया करीब 13 लाख रुपये का है, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर रकम बढ़ सकती है.
उपसंचालक कृषि दीपक नायक के अनुसार, राकेश रत्नेश करीब दो महीने से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हैं और उनका वेतन भुगतान भी नहीं किया जा रहा है. विभाग को FIR दर्ज होने की सूचना मिल चुकी है और उच्च कार्यालय को जानकारी भेज दी गई है.
अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में पहले कलेक्टर कार्यालय में शिकायत की गई थी. विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने की बात कही गई थी और रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजी गई थी. अब पुलिस कार्रवाई के बाद गिरफ्तारी होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
