छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा स्थित मुरली होटल में सांभर की प्लेट में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई है. घटना के दौरान होटल में कई ग्राहक डोसा और सांभर खा रहे थे. एक ग्राहक की प्लेट में कुछ तैरता दिखाई देने के बाद उसने आसपास मौजूद लोगों को भी दिखाया.

ग्राहकों के मुताबिक, होटल स्टाफ को शिकायत करने पर उन्होंने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की. इसके बाद कुछ लोगों ने नाश्ता अधूरा छोड़ दिया और होटल से बाहर चले गए. ग्राहकों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ.

खाद्य विभाग ने सांभर का नमूना लिया

शिकायत और वीडियो सामने आने के बाद खाद्य विभाग की टीम शुक्रवार को कटघोरा पहुंची. खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में टीम ने मुरली होटल का निरीक्षण किया. विभाग ने सांभर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है. नमूने की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य गुणवत्ता से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी.

निरीक्षण के दौरान टीम को होटल में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली. विभाग के अनुसार, होटल में एफएसएसएआई के नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था. इन कमियों के आधार पर संचालक को अगले आदेश तक होटल बंद रखने का नोटिस दिया गया है. होटल में खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है.

टीम ने शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुछ दिन पहले एनटीपीसी स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़ा में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी. घटना के बाद ग्राहकों ने जिले के बड़े होटल और रेस्टोरेंट की जांच कराने की मांग की है.