छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में 36 वर्षीय युवक शिवचरण साहू की मौत का मामला सामने आया है. उसका शव जेंजरा बाईपास के पास एक पेड़ से लटका मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की जेब से 19 पन्नों के सुसाइड नोट की फोटोकॉपी मिली है. नोट में नौकरी लगवाने के नाम पर 50 लाख रुपये की ठगी, बढ़ते कर्ज और लेनदारों के दबाव का उल्लेख होने की बात सामने आई है. नोट में कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का ब्योरा दर्ज होने की जानकारी है.
नोट में बिचौलिए और कर्ज का उल्लेख
सुसाइड नोट में लिखे विवरण के मुताबिक, शिवचरण ने कुछ लोगों से अलग-अलग पदों पर नौकरी लगवाने का आश्वासन देकर पैसे लिए थे. इस पूरे मामले में एक बिचौलिए की भूमिका का भी जिक्र है. पुलिस के सामने आई जानकारी के अनुसार, कोरोना काल के दौरान बिचौलिए की मौत के बाद रकम का हिसाब बिगड़ गया और शिवचरण पर कर्ज बढ़ता चला गया.
नोट में यह भी लिखा होने की बात कही गई है कि लेनदार लगातार दबाव बना रहे थे. शिवचरण ने कोरोना काल में एक स्कूल भी शुरू किया था, लेकिन संचालन ठीक से नहीं हो पाने के कारण उसे बंद करना पड़ा. इसके बाद उसकी आर्थिक परेशानियां बढ़ गईं.
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट में दर्ज तथ्यों की विस्तृत जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी. सुसाइड नोट की मूल प्रति कोरबा पुलिस अधीक्षक को भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है.
