मनेंद्रगढ़ के प्राथमिक और माध्यमिक शाला कठौतिया में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस तथा उल्लास थीम के तहत विद्यार्थियों ने शिक्षा और जागरूकता का संदेश देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए.
छात्र-छात्राओं ने चित्रकला और रंगोली के माध्यम से साक्षरता के महत्व को प्रस्तुत किया. विद्यालय की शिक्षिकाओं ने इन गतिविधियों में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और सहयोग किया.
सांस्कृतिक प्रस्तुति और सम्मान
माध्यमिक शाला कठौतिया की छात्राओं ने उल्लास थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया. साक्षरता पखवाड़े के दौरान आयोजित अलग-अलग गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों ने मिलकर एक वृहद मानव शृंखला बनाई. इस दौरान उल्लास और साक्षरता से जुड़े प्रेरक नारे लगाए गए. उपस्थित लोगों ने उल्लास शपथ लेकर समाज तक शिक्षा एवं साक्षरता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रभारी योगेश कुमार लहंगीर और उर्मिला सिंह ने आभार प्रदर्शन किया.
